विश्व जनसंपर्क दिवस पर PRCI जयपुर चैप्टर ने आयोजित की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहभागिता वाली विशेष परिचर्चा
जयपुर। जनसंपर्क केवल सूचना का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि विश्वास, संवाद और दीर्घकालिक संबंधों के निर्माण की सतत प्रक्रिया है। इसी मूल भावना को केंद्र में रखते हुए पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (PRCI), जयपुर चैप्टर ने विश्व जनसंपर्क दिवस 2026 के अवसर पर "इन्फ्लुएंसर रिलेशंस बनाम पारंपरिक मीडिया रिलेशंस : विश्वसनीयता, पहुंच और जनसंपर्क का भविष्य" विषय पर एक प्रभावी पैनल चर्चा एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि PRCI के 63 शहरों के चैप्टर्स तथा 13 देशों से जुड़े 100 से अधिक जनसंपर्क विशेषज्ञों ने ऑनलाइन माध्यम से आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार में सहभागिता की। प्रतिभागियों ने जनसंपर्क के बदलते स्वरूप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल संचार, मीडिया की विश्वसनीयता तथा वैश्विक स्तर पर संचार की नई चुनौतियों और संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।
जयपुर चैप्टर के कार्यक्रम का शुभारंभ PRCI अहमदाबाद चैप्टर द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार के लाइव प्रसारण से हुआ। इसके पश्चात आयोजित ऑफलाइन पैनल चर्चा में जनसंपर्क विशेषज्ञ जगदीप सिंह (जैग्स), प्रसिद्ध रेडियो व्यक्तित्व आरजे रविन्द्र तथा 'जयपुर बाय मार्सेला' की संस्थापक एवं लाइफस्टाइल कंटेंट क्रिएटर मार्सेला बाउर ने अपने अनुभव साझा किए। चर्चा का प्रभावी संचालन मिशा शर्मा, अकाउंट एग्जीक्यूटिव, एडफैक्टर्स पीआर ने किया।
PRCI जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सोमेन्द्र हर्ष ने कहा कि आज संचार माध्यमों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने संचार को अभूतपूर्व गति प्रदान की है, लेकिन किसी भी प्रभावी संचार की आधारशिला आज भी विश्वसनीयता, पारदर्शिता और जनविश्वास ही है। उन्होंने कहा कि PRCI का उद्देश्य जनसंपर्क पेशे को नई तकनीकों से जोड़ते हुए उसके मूल मूल्यों को सुरक्षित रखना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि PRCI जयपुर चैप्टर उद्योग, मीडिया और शिक्षण संस्थानों के बीच ज्ञान-विनिमय एवं सहयोग का एक सशक्त मंच बनकर अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
प्रख्यात जनसंपर्क विशेषज्ञ जगदीप सिंह (जैग्स) ने कहा कि डिजिटल युग में सूचना का प्रवाह पहले से कहीं अधिक तेज हुआ है, लेकिन विश्वसनीयता का महत्व आज भी सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि संपादकीय मूल्यों, तथ्यपरकता, जवाबदेही और नैतिकता पर आधारित पत्रकारिता प्रभावी जनसंपर्क की आधारशिला है। संस्थानों को तात्कालिक लोकप्रियता के बजाय दीर्घकालिक विश्वास अर्जित करने पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
प्रसिद्ध रेडियो व्यक्तित्व आरजे रविन्द्र ने कहा कि संचार के प्लेटफॉर्म समय के साथ बदलते रहते हैं, लेकिन प्रभावी संवाद की आत्मा सदैव एक जैसी रहती है। रेडियो से लेकर रील्स तक प्रत्येक माध्यम की अपनी भूमिका है, किंतु श्रोताओं और दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव, सरल अभिव्यक्ति और सच्ची कहानी ही किसी संदेश को स्थायी बनाती है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक मीडिया और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।
लाइफस्टाइल कंटेंट क्रिएटर मार्सेला बाउर ने कहा कि आज का दर्शक केवल फॉलोअर्स की संख्या से प्रभावित नहीं होता, बल्कि प्रामाणिकता, निरंतरता और ईमानदार संवाद को अधिक महत्व देता है। उन्होंने कहा कि एक सफल इन्फ्लुएंसर वही है जो अपने समुदाय के साथ विश्वास का मजबूत संबंध स्थापित करे। ब्रांड और कंटेंट क्रिएटर्स के बीच पारदर्शी तथा दीर्घकालिक साझेदारी ही भविष्य के प्रभावी संचार का आधार बनेगी।
PRCI जयपुर चैप्टर के सचिव सनी कुलश्रेष्ठ ने कहा कि विश्व जनसंपर्क दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि बदलते वैश्विक संचार परिदृश्य में जनसंपर्क की भूमिका का आत्ममंथन करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान PRCI जयपुर चैप्टर से जुड़े नए सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया गया तथा उन्हें PRCI की लैपल पिन एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अंत में PRCI जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सोमेन्द्र हर्ष ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अंशु हर्ष, प्रो. संजीव भानावत, सह सचिव राहुल बाबू कोंडली, कोषाध्यक्ष पंकज वाधवानी, कार्यक्रम होस्ट मिशा शर्मा, निर्मल गोयल, उत्तम सिंह, तरुण टांक, डॉ. रुचिता सोलंकी, मेट्रो पीआरओ गजेंद्र सिंह गुजर, एडवोकेट सुरेंद्र कर. शर्मा, धर्मेश सक्सेना, रिटेंबरा अग्रवाल, आशीष उदातवत, विकास काला, पुरुषोत्तम शर्मा तथा सूरजभान शर्मा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें