झोटवाड़ा के संजय नगर में धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन उत्सव,वयोवृद्ध जनों और रजत पदक विजेता खिलाड़ी का हुआ सम्मान

जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, संजय नगर बस्ती के तत्वावधान में आज जोशी मार्ग स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में 'रक्षाबंधन उत्सव एवं वृद्धजन सम्मान समारोह' राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता के अनूठे संगम के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी आयोजन में संजय नगर बस्ती के अंतर्गत सक्रिय लोकमान्य तिलक प्रौढ़ व्यवसाय शाखा, वीर सावरकर तरुण व्यवसाय शाखा,महाविद्यालय शाखा एवं बाल शाखा के स्वयंसेवकों ने बस्ती प्रमुख श्री जगरूप सिंह तँवर के कुशल संयोजन में अपनी सक्रिय और अनुशासित भूमिका निभाई।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री जेठू सिंह शेखावत उपस्थित रहे।विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्याधर भाग के सह-कार्यवाह श्री कान सिंह एवं झोटवाड़ा नगर के सह-कार्यवाह श्री राजेश दीक्षित ने मंच सुशोभित किया।
भगवा ध्वज को रक्षासूत्र बांधकर लिया राष्ट्र रक्षा का संकल्प
मुख्य वक्ता श्री कान सिंह भाई साहब ने अपने प्रखर बौद्धिक उद्बोधन में रक्षाबंधन के गूढ़ राष्ट्रीय और सामाजिक संदेश को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अंतर्गत मनाए जाने वाले छह मुख्य उत्सवों में रक्षाबंधन 'चतुर्थ उत्सव' के रूप में विशेष स्थान रखता है। संघ स्थान पर यह पर्व मात्र भाई-बहन के दायित्व तक सीमित न रहकर, संपूर्ण समाज और राष्ट्र की सुरक्षा व समर्पण का महासंकल्प बनता है।" उन्होंने आगे कहा कि उत्सव की परंपरा के अनुसार सर्वप्रथम परम पूज्य भगवा ध्वज को रक्षासूत्र अर्पित किया जाता है, तत्पश्चात् स्वयंसेवक परस्पर रक्षासूत्र बांधते हैं। यह पर्व बिखरते समाज को समरसता के अटूट सूत्र में पिरोने का जीवंत माध्यम है।
संस्कृति की छांव: 20 वयोवृद्ध जनों का वंदन
उत्सव के द्वितीय चरण में सनातन संस्कृति के मूल मंत्र "अभिवादनशीलस्य नित्यं वृद्धोपसेविनः, चत्वारि तस्य वर्धन्ते आयुर्विद्या यशोबलम्" (अर्थात् बुजुर्गों की नित्य सेवा-सम्मान करने वालों की आयु, विद्या, यश और बल में निरंतर वृद्धि होती है) को चरितार्थ किया गया। बस्ती के ऐसे 20 श्रेष्ठ वरिष्ठ नागरिकों, जिन्होंने जीवन के 80 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर लिए हैं, का तिलक, शॉल और श्रीफल भेंट कर भावभीना सम्मान किया गया और उनका आशीर्वाद लिया गया।

खेल प्रतिभा का गौरव
इसी मंच से क्षेत्र का नाम राज्य स्तर पर रोशन करने वाले होनहार खिलाड़ी कुंदन सिंह तँवर (सुपुत्र स्वयंसेवक श्री श्रवण सिंह तँवर) का भी विशेष अभिनंदन किया गया। कुंदन सिंह ने हाल ही में स्टेट लेवल शॉट पुट (गोला फेंक) प्रतियोगिता में रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर बस्ती को गौरवान्वित किया है।
राष्ट्र आराधना में उमड़ा जनसैलाब
राष्ट्र चेतना के इस यज्ञ में समाज के हर वर्ग ने अपनी आहुति दी। कार्यक्रम में कुल 75 प्रबुद्ध नागरिकों की अनुशासित उपस्थिति रही। इसमें 15 बाल स्वयंसेवक, 4 बालिकाएं,6 मातृशक्ति,23 स्वयंसेवक तथा 27 प्रबुद्ध समाज बंधु शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से राष्ट्र की एकात्मता और अखंडता के संकल्प के साथ हुआ।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजस्थानी एवं बॉलीवुड एल्बम सांग के ऑडिशन हुए आयोजित

ग्रेंड समर पूल पार्टी का हुआ आयोजन