JIFF 2026 की तृतीय नामांकित फ़िल्मों की आधिकारिक सूची घोषित, 23 देशों की 51 फ़िल्में और 21 पटकथाएँ चयनित
जयपुर। 18वाँ जयपुर इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल (JIFF) 2026, जो 13 से 15 फ़रवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहा है, ने गुरुवार को अपनी तृतीय (तीसरी) नामांकित फ़िल्मों की आधिकारिक सूची घोषित कर दी है। इससे पूर्व जारी की गई प्रथम सूची में 37 देशों की 221 फ़िल्में तथा द्वितीय सूची में 29 देशों की कुल 119 फ़िल्में चयनित की गई थीं। तीसरी सूची की घोषणा के साथ ही JIFF 2026 ने एक बार फिर स्वयं को विश्व के सबसे विविध और प्रतिस्पर्धी फ़िल्म महोत्सवों में स्थापित किया है। नामांकन की तीसरी सूची में कुल 23 देशों से चयनित 51 फ़िल्में एवं 21 पटकथाएँ शामिल हैं, जिन्हें 387 अंतरराष्ट्रीय प्रविष्टियों में से चुना गया है। ये चयन फ़ीचर फ़िक्शन, डॉक्यूमेंट्री फ़ीचर, शॉर्ट फ़िक्शन, डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट, एनीमेशन, फ़ोटोग्राफ़ी, गीत/संगीत, पटकथा एवं स्टूडेंट फ़िल्म्स जैसी विभिन्न प्रतिस्पर्धी श्रेणियों में किए गए हैं। विश्व के 23 देशों के फ़िल्मकारों का प्रतिनिधित्व करते हुए, ये चयन फ़ेस्टिवल की कलात्मक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक सिने संवाद के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाते ...