JIFF 2026 की तृतीय नामांकित फ़िल्मों की आधिकारिक सूची घोषित, 23 देशों की 51 फ़िल्में और 21 पटकथाएँ चयनित

जयपुर। 18वाँ जयपुर इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल (JIFF) 2026, जो 13 से 15 फ़रवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहा है, ने गुरुवार को अपनी तृतीय (तीसरी) नामांकित फ़िल्मों की आधिकारिक सूची घोषित कर दी है।

इससे पूर्व जारी की गई प्रथम सूची में 37 देशों की 221 फ़िल्में तथा द्वितीय सूची में 29 देशों की कुल 119 फ़िल्में चयनित की गई थीं। तीसरी सूची की घोषणा के साथ ही JIFF 2026 ने एक बार फिर स्वयं को विश्व के सबसे विविध और प्रतिस्पर्धी फ़िल्म महोत्सवों में स्थापित किया है।
नामांकन की तीसरी सूची में कुल 23 देशों से चयनित 51 फ़िल्में एवं 21 पटकथाएँ शामिल हैं, जिन्हें 387 अंतरराष्ट्रीय प्रविष्टियों में से चुना गया है। ये चयन फ़ीचर फ़िक्शन, डॉक्यूमेंट्री फ़ीचर, शॉर्ट फ़िक्शन, डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट, एनीमेशन, फ़ोटोग्राफ़ी, गीत/संगीत, पटकथा एवं स्टूडेंट फ़िल्म्स जैसी विभिन्न प्रतिस्पर्धी श्रेणियों में किए गए हैं। विश्व के 23 देशों के फ़िल्मकारों का प्रतिनिधित्व करते हुए, ये चयन फ़ेस्टिवल की कलात्मक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक सिने संवाद के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

तृतीय सूची – श्रेणीवार चयन
तृतीय नामांकन सूची में निम्नलिखित श्रेणियों में फ़िल्में एवं रचनाएँ शामिल हैं:
फ़ीचर फ़िक्शन फ़िल्में – 18
डॉक्यूमेंट्री फ़ीचर फ़िल्में – 7
शॉर्ट फ़िक्शन फ़िल्में – 16
डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फ़िल्में – 3
एनीमेशन शॉर्ट फ़िल्में – 3
फ़ोटोग्राफ़ी – 3
गीत / संगीत एल्बम – 1
पटकथा (स्क्रीनप्ले) – 21
छात्र फ़िल्में – 1

फ़ीचर फ़िक्शन एवं डॉक्यूमेंट्री फ़ीचर फ़िल्में
इस सूची में भारत सहित विभिन्न देशों की 18 फ़ीचर फ़िक्शन फ़िल्में और 7 डॉक्यूमेंट्री फ़ीचर फ़िल्में शामिल हैं, जो सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और मानवीय विषयों पर आधारित उत्कृष्ट वैश्विक सिनेमा का प्रतिनिधित्व करती हैं।

चयनित फ़ीचर फ़िक्शन फ़िल्में (मुख्य आकर्षण)
तृतीय सूची में भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों की कई उल्लेखनीय फ़ीचर फ़िक्शन फ़िल्में शामिल की गई हैं। इनमें से कुछ प्रमुख चयन इस प्रकार हैं:
“Debt to the Dead” – निर्देशक: डैनियल कास्त्रो ज़िम्ब्रोन (मेक्सिको)
“Pinch” – निर्देशक: उत्तेरा सिंह (भारत)
“Stay Forte” – निर्देशक: डोरन व्रान (इज़राइल / संयुक्त राज्य अमेरिका)
“Maria Vitória” – निर्देशक: मारियो पैट्रोसिनियो (पुर्तगाल)
“Romancing Sydney” – निर्देशक: अनमोल मिश्रा (ऑस्ट्रेलिया)

इस वर्ष JIFF 2026 में भारत सहित 50 से अधिक देशों से 1000 से ज्यादा फिल्म प्रोफेशनल्स—फिल्ममेकर, निर्देशक, निर्माता, लेखक, अभिनेता और सिने विशेषज्ञ—एक ही छत के नीचे एकत्रित होंगे। यह भारत में अब तक का ऐसा पहला अवसर होगा, जहाँ वैश्विक सिनेमा का इतना व्यापक संगम देखने को मिलेगा।

महोत्सव में 600 से अधिक फिल्मों की भागीदारी होगी। इन फिल्मों में बड़ी संख्या में इंडियन और वर्ल्ड प्रीमियर फीचर फिल्में शामिल हैं। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित और पुरस्कार प्राप्त शीर्ष फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग भी की जाएगी।

JIFF 2026 का रेड कार्पेट ओपनिंग सेरेमनी 13 फरवरी 2026 को आयोजित होगा, जबकि भव्य अवॉर्ड सेरेमनी 14 फरवरी 2026 को संपन्न होगी। इसके अलावा, फेस्टिवल के दौरान वर्कशॉप्स, सेमिनार, पैनल डिस्कशन और वन-टू-वन डायलॉग्स का आयोजन किया जाएगा, जो फिल्म उद्योग के भविष्य के लिए निर्णायक साबित होंगे।

JIFF के संस्थापक–निदेशक श्री हनु रोज़ ने अपने वक्तव्य में कहा कि JIFF 2026 का उद्देश्य सार्थक और सशक्त सिनेमा को एक वैश्विक मंच प्रदान करना है, साथ ही उभरते फ़िल्मकारों, लेखकों और निर्माताओं के बीच अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने बताया कि GLOBAL CINE CONFLUENCE – दिल्ली फ़िल्म कन्वेंशन एवं समिट 2026 के अंतर्गत नई दिल्ली में आयोजन, वैश्विक सिनेमा आंदोलन को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के 10वे वार्षिक अधिवेशन का भव्य आयोजन, देशभर से जुटे प्रतिनिधि

श्री मुनीसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर मांग्यावास में श्री जी के अभिषेक एवं शांतिधारा से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ

“सेवा कोई कार्य नहीं, यह तो जीवन की साधना है। जब हम किसी असहाय को संबल देते हैं, तभी हमारा जीवन सार्थक होता है।” – नवीन कुमार भंडारी